मेरा प्रिय खेल कबड्डी पर निबंध | Essay on my favorite sport Kabaddi in Hindi

मेरा प्रिय खेल कबड्डी पर निबंध

संकेत बिंदु- (1) मेरा प्रिय खेल कबड्डी (2) राष्ट्रीयता और स्वदेश प्रेम का परिचायक (3) स्वस्थ मनोरंजन और व्यायाम (4) कबड्डी खेलने की विधि (5) कबड्डी के नियम।

मेरा प्रिय खेल कबड्डी

खेलने के लिए क्रिकेट, हॉकी, बॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, लॉन-टेनिस, टेबल-टेनिस, बैडमिंटन, गोल्फ, पोलो, चेस तथा बिलयर्ड आदि अनेक खेल हैं। ये सभी खेल विश्व में खेले जाते हैं और विश्व खेल प्रतियोगिताओं में मान्यता प्राप्त हैं, परन्तु मेरी रुचि इन खेलों में न होकर भारतीय खेल 'कबड्डी' में है। वही मेरा प्रिय खेल है।

राष्ट्रीयता और स्वदेश प्रेम का परिचायक

विश्व-प्रसिद्ध सभी खेल चाहे वह क्रिकेट हो या हॉकी, टेबिल-टेनिस होया बिलयर्ड बिना विशेष उपकरण, बिना खेल-सामान के व्यर्थ हैं। स्टिक के बिना हाकी कैसी? बॉल के अभाव में बॉलीबाल, फुटबॉल या बास्केटबॉल कैसे खेले जा सकते हैं? पर साहब कबड्डी के लिए कोई उपकरण नहीं चाहिए। उँगली से पाला खींचा जा सकता है। जूते, कपड़े, कंकड़ या कोई भी चीज रखकर पाला बनाया जा सकता है।

खेल का सामान खरीदने के लिए चाहिए पैसा। आपके पास पैसा है तो खेल खेल लीजिए, अन्यथा दर्शक बने रहिए। फिर खेल के सामान ने जरा भी नजाकत दिखाई कि खेल खत्म। बॉल को फूंक खिसकी कि बॉलीबॉल, फुटबाल, बास्केटबॉल खेल ही पेंचर हो गए। टेबल-टेनिस या बिलयर्ड की मेज ने धोखा दिया, तो खेल चौपट। कबड्डी में न पैसा चाहिए, न उपकरण। जब चाहो, जहाँ चाहो, कबड्डी का मजा ले लो।

बॉलीबॉल आदि सभी खेल विदेशी हैं। इनका प्रारम्भ विदेशियों के मनोरंजन तथा स्वास्थ्यवर्धन के लिए हुआ था। कबड्डी शुद्ध भारतीय खेल है। गाँव की शस्यश्यामला भूमि में इसके अंकुर उपजे थे। अत: कबड्डी राष्ट्रीयता का प्रतीक है, स्वदेश प्रेम का परिचायक है।

स्वस्थ मनोरंजन और व्यायाम

क्रिकेट और हॉकी वर्तमान युग के जनप्रिय खेल हैं। इनके मैचों का सीधा प्रसारण दिखाकर दूरदर्शन भी अपने को कृतार्थ समझता है। पर ये हैं बड़े खतरनाक खेल। क्रिकेट की बॉल जरा-सी असावधानी या प्रमाद से खेलने वाले के मुंह को पिचका देती है, नयनों की दृष्टि छीन लेती है और भाल को फोड़ देती है। हॉकी का ना ही 'स्टिक' है, टाँगों में लगी नहीं कि खेलने वाले की शामत आई। कबड्डी में ऐसी गम्भीर चोट लगने का प्रश्न ही नहीं उठता।

हल्की-फुल्की चोट लगने का भय इस खेल में भी रहता है। जैसे-कोई खिलाड़ी को पकड़ने के लिए कैंची मारे तो उससे टाँग में चोट लगने का बहुत डर रहता है। दूसरे, कभी-कभी एक खिलाड़ी को जब दूसरी पार्टी के सभी खिलाड़ी पकड़कर उसके ऊपर चढ़ने की कोशिश करते हैं, तब शरीर पर चोट लगने का भय रहता है। यदि पकड़ते समय किसी खिलाड़ी के वस्त्र हाथ में आ जाएँ, तो वस्त्र फटने की सम्भावना रहती है । पर कबड्डी तो कबड्डी है।

कबड्डी जब चाहे, जहाँ चाहे खेली जा सकती है। इसके लिए न क्रिकेट, हॉकी आदि की तरह विशेष मैदान चाहिए और न टेबिल टेनिस तथा बिलयर्ड के समान बड़ा हाल। कबड्डी स्वस्थ मनोरंजन और व्यायाम का खेल है। तीव्र उत्सुकता उत्पत्ति की क्रीडा है। दर्शकों को एकटक देखते रहने की विवशता का आनन्द स्रोत है। हाथ-पैरों के पर्याप्त व्यायाम का साधन है। शरीर में स्फूर्ति और चुस्ती रखने का मार्ग है। सदा सचेत रहने का मानसिक व्यायाम है।

कबड्डी खेलने की विधि

कबड्डी खेलने की विधि बहुत ही सरल है। खेलने के स्थान के बीचों-बीच एक रेखा खींच दी जाती है, इसे 'पाला' कहते हैं। इसके दोनों ओर खिलाड़ी खड़े होते हैं। दोनों ओर के खिलाड़ी संख्या में बराबर होने चाहिए। खेल आरम्भ होने पर एक ओर का खिलाड़ी दूसरी और 'कबड्डी-कबड्डी' कहता हुआ जाता है। वह यह प्रयत्न करता है कि जब तक उसके मुँह मे 'कबड्डी' शब्द निकलना बन्द नहीं होता, वह दूसरी ओर के खिलाड़ी या खिलाड़ियों को छूकर पाले तक पहुँच जाए। दूसरी ओर के खिलाड़ियों का प्रयत्न होता है कि वे उसको ऐसे पकड़ें कि वह छूटकर पाले तक न पहुँच पाए और स्वयं भी सावधान रहें कि वे उसे पकड़ न सकें, तो वह उन्हें छू भी न जाए। यदि वह छू गया तो जिन खिलाड़ियों को उसने छुआ है, वे सब खिलाड़ी 'आउट' हो जाएंगे। दूसरी ओर से भी यही प्रक्रिया होती है। बैठा हुआ या 'आउट' खिलाड़ी तभी खेल में पुनः भाग ले सकता है, जबकि उसका कोई साथी दूसरी ओर के किसी खिलाड़ी को 'बाहर' कर दे। 

इस प्रकार जिस ओर के सब खिलाड़ी 'आउट' हो जाएंगे, वह दल हारा हुआ समझा जाएगा। कई बार खिलाड़ियों को आउट करके बैठाने के बजाए अंक (प्वाइंट) गिन लिए जाते हैं । निर्धारित समय में जिसके अंक (प्वाइंट) ज्यादा होते हैं, वह दल जीता हुआ माना जाता है। 

कबड्डी के नियम

कबड्डी के कुछ अपने नियम हैं। एक बार में एक ही खिलाड़ी कबड्डो-कबड्डी कहता हुआ पाले के दूसरी ओर जाएगा, दो नहीं। दूसरे, खेल के मैदान की सीमा-रेखा से शरीर या शरीर का कोई अंग बाहर होने पर खिलाड़ी 'आउट' समझा जाएगा। एक बार साँस टूटने, 'कबड्डी-कबड्डी' का स्वर बंद होने पर दुबारा साँस भरना तथा 'कबड्डी-कबड्डी' स्वर का उच्चारण करना नियम विरुद्ध है। साँस बीच में टूटते ही रक्षात्मक उपाय बरतने होते हैं। खिलाड़ी अपने पाले की ओर दौड़ता है। पाला-रेखा से पूर्व यदि दूसरी पार्टी के किसी खिलाड़ी ने उसे स्पर्श कर दिया तो वह 'आउट' माना जाएगा।

'कबड्डी-कबड्डी' शब्द के उच्चारण के साथ आक्रमण करने आए खिलाड़ी का मुँह बन्द करना, हिंसात्मक व्यवहार करना, कैंची मारना, धक्का देकर खेल-सीमा से बाहर धकेलना नियम विरुद्ध हैं। इतना ही नहीं, सीमा-रेखा से बाहर धकेलने वाले खिलाड़ी को खेल से ही 'आउट' कर दिया जाता है। 

सदा सुलभ, सरल, अमूल्य, व्यायाम से पूर्ण और मनोरंजन से भरपूर कबड्डी, खेल तथा टीम भावना उत्पन्न करने का साधन कबड्डी, भातीयता, राष्ट्रीयता का प्रतीक कबड्डी खेल ही मेरा प्रिय खेल है।

Next Post Previous Post