India at Commonwealth Games: स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में Commonwealth Games का 23वां एडिशन होने जा रहा है, जहां भारत के 125 एथलीट्स ज्यादा से ज्यादा मेडल जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। भारत ने अब तक गेम्स के पिछले 22 में से 18 एडिशन में हिस्सा लिया है और कुल 564 मेडल अपने नाम किए हैं। 1934 में जीते इकलौते ब्रॉन्ज मेडल से शुरू हुआ यह सफर कई उतार-चढ़ाव से गुजरा है। एक वक्त ऐसा भी था जब टीम को बिना किसी मेडल के खाली हाथ लौटना पड़ा था। इस आर्टिकल में हम आपको CWG में भारत के अब तक के शानदार सफर, रिकॉर्ड्स और मेडल टैली के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं।
1934 में मिला पहला मेडल
Commonwealth Games की शुरुआत साल 1930 में हुई थी। भारत ने पहली बार 1934 में इसके दूसरे एडिशन में हिस्सा लिया जो लंदन में हुआ था। इस पहले प्रयास में भारत के खाते में सिर्फ 1 ब्रॉन्ज मेडल आया और यहीं से एक लंबे सफर की शुरुआत हुई।
जब खाली हाथ लौटी भारतीय टीम
आज गेम्स में भारत का बड़ा दबदबा है, लेकिन शुरुआत में ऐसा नहीं था। भारत ने जिन 18 एडिशन में शिरकत की है, उनमें से 2 बार ऐसा हुआ जब खिलाड़ियों को बिना किसी मेडल के खाली हाथ वापस आना पड़ा। 1938 में सिडनी और 1954 में वांकुवर गेम्स में भारत कोई मेडल नहीं जीत सका। इसका मतलब यह है कि भारत ने जिन पहले तीन गेम्स में हिस्सा लिया, उनमें कुल मिलाकर टीम को सिर्फ 1 ही मेडल नसीब हुआ।
1958 से मेडल टैली में आया सुधार
1958 में कार्डिफ में हुए गेम्स में भारत ने वापसी की और 2 गोल्ड और 1 सिल्वर समेत कुल 3 मेडल जीते। इसके बाद टीम इंडिया का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया।
- 1966 के किंग्सटन गेम्स में भारत ने पहली बार दहाई का आंकड़ा छुआ और 3 गोल्ड, 4 सिल्वर, 3 ब्रॉन्ज के साथ 10 मेडल अपने नाम किए।
- 1970 (एडिनबर्ग) में टीम ने 5 गोल्ड समेत 12 मेडल जीते।
- 1974 और 1978 के गेम्स में 15-15 मेडल आए।
- 1982 में ब्रिसबेन में हुए आयोजन में यह आंकड़ा 16 मेडल तक पहुंच गया।
90 के दशक में दिखी बड़ी छलांग
1990 का साल भारत के लिए खास रहा क्योंकि यहां मेडल की संख्या में बड़ा उछाल देखने को मिला। 1990 गेम्स में भारत ने 32 मेडल जीते, जो 1982 के मुकाबले सीधे दोगुने थे। हालांकि, 1994 और 1998 के एडिशन में यह संख्या थोड़ी गिरकर क्रमशः 24 और 25 पर आ गई।
2010 नई दिल्ली गेम्स
2002 के मैनचेस्टर गेम्स में भारतीय टीम ने 30 गोल्ड के साथ कुल 69 मेडल जीतकर अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया। 2006 मेलबर्न में 50 मेडल आए। लेकिन भारत ने अपना सबसे ऐतिहासिक प्रदर्शन 2010 में किया, जब गेम्स का आयोजन नई दिल्ली में हुआ था। टीम इंडिया ने शानदार वापसी करते हुए 38 गोल्ड के साथ 101 मेडल जीते। यह Commonwealth Games के इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बेस्ट प्रदर्शन है। ना तो इससे पहले और ना ही इसके बाद भारत ने कभी इतने ज्यादा गोल्ड या कुल मेडल जीते हैं।
2014 से 2022 तक के आंकड़े
- 2014 ग्लासगो गेम्स: 64 मेडल
- 2018 गोल्ड कोस्ट: 26 गोल्ड समेत 66 मेडल
- 2022 बर्मिंघम: 22 गोल्ड समेत 61 मेडल
अब तक जीते कुल 564 मेडल
1934 में जीते उस एक ब्रॉन्ज मेडल से लेकर 2022 के बर्मिंघम गेम्स तक के सफर को देखें, तो भारत ने अब तक कुल 564 मेडल जीते हैं। इस शानदार रिकॉर्ड में सबसे ज्यादा 203 गोल्ड शामिल हैं। इसके अलावा भारतीय एथलीट्स ने 190 सिल्वर और 171 ब्रॉन्ज मेडल भी देश के नाम किए हैं।

