CJP Leaders Party Viral Video: NEET paper leak मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को बड़ी राजनीतिक जीत हासिल हुई है। लेकिन अब यही पार्टी विवादों में घिर गई है। सोशल मीडिया पर CJP नेताओं का जश्न मनाते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसके बाद उन पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। यूट्यूबर और पॉलिटिकल एनालिस्ट मेघनाद एस ने दावा किया है कि CJP नेताओं ने जंतर-मंतर पर एक महीने से डटे छात्रों और वॉलिंटियर्स को भूखा-प्यासा छोड़ दिया और खुद 'रेजिग्नेशन पार्टी' मनाने चले गए।
वायरल वीडियो और मेघनाद का गुस्सा
हाल ही में CJP प्रवक्ता सौरव दास का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक इंडोर हॉल में बच्चों और अपने समर्थकों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। इस जश्न को 'रेजिग्नेशन पार्टी' का नाम दिया जा रहा है, जिसमें कुछ अन्य नेता भी थिरकते दिखे।
इस वीडियो को देखकर मेघनाद काफी भड़क गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह सुबह 4 बजे यह वीडियो देख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वह और उनके साथी पिछले दो दिनों से अपनी जेब से पैसे खर्च करके उन बेसहारा और भूखे वॉलिंटियर्स को घर भेज रहे हैं, जिन्हें CJP नेताओं ने जंतर-मंतर पर उनके हाल पर छोड़ दिया था।
पुलिस की कार्रवाई और छात्रों का संघर्ष
मेघनाद ने आगे दावा किया कि जैसे ही CJP के नेता जंतर-मंतर से गए, दिल्ली पुलिस ने वहां पहुंचकर छात्रों का सारा सामान हटा दिया और उन्हें वहां से खदेड़ दिया। इसके चलते करीब 70 से ज्यादा छात्र और वॉलिंटियर्स दिल्ली की सड़कों पर बिना खाने और शेल्टर के भटकने को मजबूर हो गए।
CJP पर तंज कसते हुए मेघनाद ने लिखा, "बधाई हो CJP, आप भी आखिरकार एक आम राजनीतिक पार्टी बन ही गए!" उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ऐसे बेसहारा छात्रों के लिए रेलवे के तत्काल टिकट और इंडियन यूथ कांग्रेस के ऑफिस में रुकने का इंतजाम किया गया है।
जुनैद ने भी बयां किया दर्द
जंतर-मंतर पर इस पूरे महीने भर चले आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों को लगातार खाना मुहैया कराने वाले जुनैद ने भी CJP नेताओं के रवैये पर गहरी निराशा जताई है। जुनैद ने पत्रकार से बात करते हुए कहा कि जब आंदोलन खत्म हुआ और CJP नेता वहां से जाने लगे, तो उन्होंने उन लोगों से एक बार हाथ मिलाना भी जरूरी नहीं समझा जिन्होंने दिन-रात उनकी मदद की थी।
CJP प्रवक्ता सौरव दास की सफाई
इस बढ़ते विवाद और तीखी आलोचनाओं के बीच CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर बातों को बहुत ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।
दास ने सफाई देते हुए कहा कि पार्टी किसी 5-स्टार होटल में नहीं चल रही थी, बल्कि वह एक साधारण 2-3 स्टार वेन्यू का बेसमेंट हॉल था। वहां करीब 150 से 200 वॉलिंटियर्स इकट्ठा हुए थे जो पिछले 37 दिनों से सड़कों पर डटे हुए थे। CJP सिर्फ उन्हें धन्यवाद देना चाहती थी। 'इंडिया टुडे' से बातचीत में सौरभ दास ने कहा, "डांस का बस एक छोटा सा हिस्सा वायरल हो गया है, जबकि उससे पहले हम सभी जमीन पर बैठकर एक-एक वॉलिंटियर से दिल से बात कर रहे थे और उनकी घर वापसी का इंतजाम कर रहे थे। हम पर्दे के पीछे भी लगातार काम कर रहे थे।"

.jpg)