Akhilesh Yadav meets Anupama Jaiswal: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने झुलसीं BJP विधायक अनुपमा जायसवाल का हालचाल जाना। अनुपमा जायसवाल बहराइच सदर सीट से विधायक हैं और पूर्व में राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। वह नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन करते समय झुलस गई थीं।
पुतला दहन के दौरान झुलसीं
दरअसल, बहराइच में आयोजित भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान अनुपमा जायसवाल अखिलेश यादव और राहुल गांधी के पुतले जलाने में शामिल थीं। इसी दौरान अचानक आग की लपटें तेज हो गईं और वह इसकी चपेट में आ गईं। इस घटना में उनके चेहरे और बाल झुलस गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मेदांता में अखिलेश यादव ने की मुलाकात
अस्पताल पहुंचकर अखिलेश यादव ने अनुपमा जायसवाल से मुलाकात की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने इस मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि समाज में तनाव नहीं, बल्कि सौहार्द का माहौल होना चाहिए। उन्होंने लिखा कि वे नहीं चाहते कि समाज के बीच आग जले, बल्कि सकारात्मक राजनीति के जरिए सौहार्द बना रहे। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन मानवीय संबंधों का महत्व अलग होता है।
हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम भाजपा विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल जी से मिलने गये और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आएं हैं। राजनीति अपनी जगह है… pic.twitter.com/4lfmjx5HoK
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) April 28, 2026
विरोध प्रदर्शन में शामिल थे कई जनप्रतिनिधि
यह घटना शनिवार दोपहर कलेक्ट्रेट के बाहर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई थी, जो भाजपा की ओर से आयोजित महिला जन आक्रोश रैली का हिस्सा था। इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही, सांसद डॉ. आनंद गोंड, विधायक अनुपमा जायसवाल, सुभाष त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद थीं। दोपहर करीब दो बजे सभी लोग कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए थे, इसी दौरान पुतला दहन के समय यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम अक्षय त्रिपाठी और एसपी मौके पर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज में सर्जन और त्वचा रोग विशेषज्ञों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया और उन्हें प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके चेहरे का लगभग चार प्रतिशत हिस्सा प्रभावित हुआ है और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।

