Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के सिवनी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्यार और धोखे के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। आत्महत्या से ठीक पहले उसने मोबाइल पर एक खौफनाक वीडियो रिकॉर्ड करके इंटरनेट पर अपलोड किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपनी प्रेमिका (पत्नी) और उसके परिवार वालों को चेतावनी दे रहा है कि वह मरने के बाद भूत बनकर उनसे बदला लेगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने डेड बॉडी के साथ थाने में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
मौत से पहले इंस्टाग्राम पर शेयर किया खौफनाक वीडियो
सिवनी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कटंगी नाका इलाके में सोमवार (31 अगस्त) की सुबह कपिल भलावी नाम के युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। लेकिन मौत को गले लगाने से पहले कपिल ने अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे अपने सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) अकाउंट पर शेयर कर दिया।
वायरल वीडियो में कपिल बेहद गुस्से और डिप्रेशन में नजर आ रहा है। वह अपनी प्रेमिका को सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए कहता है, "आज मैं सुसाइड तो कर रहा हूं लेकिन इतना याद रखना कि तेरे पीछे भूत ही दौड़ेगा मेरा। मैं अकाल मृत्यु मर रहा हूं। मरने के बाद मैं तेरे ऊपर और तेरे पूरे परिवार के ऊपर झूमूंगा। तुमको जान से मारे बगैर छोडूंगा नहीं।" इसके अलावा एक अन्य वायरल वीडियो में कपिल ने लड़की के सगे भाई और चचेरे भाई पर उसे जान से मारने की धमकी देने जैसे कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उसका कहना है कि लड़की ने परिवार के दबाव में आकर उसे धोखा दिया।
गायत्री मंदिर में हुई थी शादी, फिर शुरू हुआ विवाद
पुलिस और मृतक के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, कपिल का इस युवती के साथ काफी समय से लव अफेयर चल रहा था। दोनों ने कुछ समय पहले गायत्री मंदिर में जाकर शादी भी कर ली थी।
हालांकि, यह रिश्ता परवान नहीं चढ़ सका। आरोप है कि लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते से खुश नहीं थे और परिवार के प्रेशर के चलते युवती कपिल को अकेला छोड़कर अपने परिवार के साथ नागपुर चली गई। पत्नी के यूं छोड़कर चले जाने से कपिल गहरे तनाव में आ गया था। इसी मानसिक उलझन और पारिवारिक विवाद के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
थाने में परिजनों का हंगामा, जांच में जुटी पुलिस
युवक की मौत और सोशल मीडिया पर सुसाइड वीडियो वायरल होते ही मामला गरमा गया। घटना से आक्रोशित परिजन एंबुलेंस में कपिल का शव लेकर सीधे कोतवाली थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को पूरी कहानी बताई और आरोपी लड़की व उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने परिजनों को समझाया और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजनों ने अपना विरोध खत्म किया।
टीआई सतीश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस सुसाइड केस की हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है। कपिल ने जो वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित किए हैं, पुलिस उनकी फॉरेंसिक जांच करवा रही है। इसके साथ ही, लड़की के परिवार की तरफ से दिए गए एक आवेदन को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों और खुदकुशी के लिए उकसाने के सबूत मिलने पर, दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

