Ankit Balyan Murder Case: शामली में मशहूर हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में यूपी पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुठभेड़ में इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले 50-50 हजार रुपये के दो इनामी शूटर, सुमित और मोहित मारे गए हैं। जांच में पता चला है कि इस मर्डर केस में कुल 6 लोग शामिल थे, जिनमें से 4 शूटर थे और 2 लोगों ने रेकी की थी। सीसीटीवी फुटेज, होटल के रिकॉर्ड्स और मोबाइल डिटेल्स की मदद से पुलिस इन खूंखार अपराधियों तक पहुंचने में कामयाब रही।
उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद से यूपी पुलिस और एसटीएफ लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। पुलिस की इस मेहनत का नतीजा तब सामने आया जब एक एनकाउंटर में दो कथित शूटरों को मार गिराया गया। मारे गए दोनों आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। ये दोनों कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े हुए थे और इन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
6 लोगों ने रची थी हत्या की साजिश
पुलिस की जांच के अनुसार, इस हत्या को 4 शूटरों ने अंजाम दिया था, जबकि 2 अन्य लोगों ने रेकी और मदद मुहैया कराई थी। कुल मिलाकर 6 लोग इस साजिश का हिस्सा थे। 20 अगस्त को अंकित बालियान की रेकी की गई थी। इसके लिए दो शूटर शामली के सूर्या होटल में रुके थे और अंकित के हर मूवमेंट पर नजर रख रहे थे। होटल में उन्होंने अपनी पहचान के लिए आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी जमा किए थे। होटल के सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को जांच में सबसे बड़ा सुराग मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद दो शूटर बाइक से करनाल की तरफ भाग गए थे, जबकि सुमित और मोहित बागपत की ओर निकले थे।
सीसीटीवी से हुई पहचान और हरियाणा में छापेमारी
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे चारों शूटरों की पहचान हो गई। पता चला कि गोली चलाने वाले आरोपी हरियाणा के रोहतक और हिसार के रहने वाले हैं। इनमें से एक शूटर पहले भी मर्डर केस में जेल काट चुका था, जबकि बाकी तीन के खिलाफ भी छोटे-मोटे अपराध दर्ज थे।
पहचान पुख्ता होने के बाद, हरियाणा पुलिस ने आरोपियों के घरों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर दबिश दी। जब परिवार वालों से पूछताछ शुरू हुई, तो खौफ में आकर शूटरों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए और फरार हो गए। इसके बाद यूपी एसटीएफ ने भी अपना सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया। साजिश में शामिल मददगारों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने अंकित बालियान की कॉल डिटेल्स और व्हाट्सऐप मैसेजिंग हिस्ट्री की भी गहराई से जांच की।
8 टीमें कर रही थीं तलाश
मर्डर केस का जल्द खुलासा करने के लिए मेरठ जोन के 7 जिलों के पुलिस अधिकारियों की 8 टीमें बनाई गई थीं। दिल्ली और हरियाणा में लगातार छापेमारी चल रही थी। इस बीच, मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने खुद शामली जाकर अधिकारियों के साथ दो घंटे लंबी मीटिंग की थी और बताया था कि पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियारों और आरोपियों के बेहद करीब पहुंच चुकी है।
पुलिस लगातार मोहित और सुमित को ट्रैक कर रही थी। इसी दौरान, कैराना रोड पर स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास पुलिस और इन दोनों शूटरों का आमना-सामना हो गया।
मुठभेड़ में दो जवान घायल, भारी मात्रा में सामान बरामद
जब पुलिस ने दोनों इनामी बदमाशों को घेरा, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सुमित और मोहित को गोली लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस खतरनाक मुठभेड़ में SWAT टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी घायल हो गए हैं। मौके से पुलिस ने दो पिस्टल, जिंदा और खोखे कारतूस, एक स्प्लेंडर बाइक, एक बैग, मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब फरार चल रहे बाकी आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

