सार: लखनऊ में हुई आम आदमी पार्टी (AAP) उत्तर प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ की पहली प्रादेशिक बैठक में व्यापारियों के मुद्दों को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। नए प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों का कर्ज माफ करने की मांग की। साथ ही, पीएम मोदी की 'सोना न खरीदने' की अपील को सर्राफा कारोबारियों के लिए बड़ा संकट बताया। AAP ने ऐलान किया है कि यूपी में व्यापारियों की सुरक्षा और उनके हकों के लिए अब सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ी जाएगी।
लखनऊ में 13 मई 2026 को आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के व्यापार प्रकोष्ठ की पहली स्टेट लेवल मीटिंग सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस मीटिंग की अध्यक्षता नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने की। बैठक में पूरे यूपी से आए छोटे कारोबारियों, रेहड़ी-पटरी वालों और सर्राफा व्यापारियों की समस्याओं पर खुलकर बात की गई। इसके बाद हुई प्रेस वार्ता में मनोज मिश्रा ने BJP सरकार की नीतियों को पूरी तरह से व्यापारी विरोधी करार दिया।
छोटे व्यापारियों का कर्ज माफ हो
मनोज मिश्रा ने केंद्र और यूपी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आज प्रदेश का छोटा दुकानदार, ठेला लगाने वाला और मिडिल क्लास कारोबारी भारी आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि 50 हजार से लेकर 10 लाख रुपये तक का बिजनेस लोन लेने वाले छोटे व्यापारियों का कर्ज तुरंत माफ किया जाए।
मिश्रा ने सवाल उठाया कि जब मोदी सरकार अपने बड़े उद्योगपति दोस्तों के हजारों करोड़ के कर्ज माफ कर सकती है, तो फिर छोटे व्यापारियों के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों? उन्होंने कहा कि आम व्यापारी भी पूरी ईमानदारी से टैक्स (Tax) भरता है, लेकिन जब बात सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान की आती है, तो उसे सिर्फ नजरअंदाज किया जाता है।
सर्राफा कारोबार और यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल
बैठक में सर्राफा व्यापार से जुड़े मुद्दे भी जोर-शोर से उठे। मनोज मिश्रा ने प्रधानमंत्री द्वारा लोगों से की गई 'एक साल तक सोना न खरीदने' की अपील पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस अपील से सर्राफा मार्केट पूरी तरह बर्बादी की कगार पर पहुंच जाएगा। कारोबारियों ने अपनी दुकानों में करोड़ों का इन्वेस्टमेंट किया है, उन्हें बैंक की EMI, दुकान का किराया और स्टाफ की सैलरी देनी होती है। ऐसे में अगर लोग सोना नहीं खरीदेंगे तो हजारों व्यापारी सड़क पर आ जाएंगे। आम आदमी पार्टी इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी।
इसके साथ ही, यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा गया। मिश्रा ने चित्रकूट में व्यापारियों पर हुई फायरिंग की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आज यूपी का व्यापारी स्थानीय गुंडों और दबंगों के खौफ में बिजनेस करने को मजबूर है और सरकार चुपचाप तमाशा देख रही है।
उन्होंने बताया कि यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के मार्गदर्शन में पार्टी अब पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूत करेगी। हर जिले में 'व्यापारी संवाद' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि उनकी आवाज को सड़क से संसद तक पहुंचाया जा सके। इस खास मौके पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, अंकित परिहार समेत प्रदेश भर से आए कई व्यापारी मौजूद थे।


.jpeg)
.jpeg)
