PM Modi on Swadeshi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Instagram पर एक नया वीडियो जारी कर देशवासियों से 'स्वदेशी' अपनाने की एक बार फिर जोरदार अपील की है। देश की शानदार 7.8% GDP ग्रोथ पर बधाई देते हुए पीएम ने कहा कि हमें 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को और मजबूत करना होगा। उन्होंने लोगों से गुजारिश की है कि वे गैर-जरूरी सोना खरीदने, विदेश यात्रा करने और विदेशों में शादी करने से बचें। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और ग्लोबल इकॉनमी पर इसके असर को देखते हुए पीएम का यह संदेश काफी अहम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को 7.8 प्रतिशत की बेहतरीन GDP ग्रोथ हासिल करने पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने अपने वीडियो के जरिए 'वोकल फॉर लोकल' को बढ़ावा देने की बात कही। पीएम ने अपील की है कि लोग जब भी कोई खरीदारी करें या यात्रा पर जाएं, तो स्वदेशी यानी लोकल चीजों को ही अपनी पहली प्राथमिकता दें।
सोना खरीदने और विदेश यात्रा से क्यों बचें?
मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर पूरी दुनिया की इकॉनमी पर पड़ रहा है। इन वैश्विक झटकों से भारत को सुरक्षित रखने के लिए पीएम मोदी ने लोगों से कुछ खास अपील की हैं। उन्होंने कहा है कि Forex Reserves पर दबाव कम करने के लिए लोग कम से कम एक साल तक गैर-जरूरी सोना खरीदने से परहेज करें। इसके अलावा, अनावश्यक विदेशी यात्राओं और विदेशों में जाकर शादी करने से भी बचने की सलाह दी गई है।
आजादी के 100 साल और 'विकसित भारत'
देशवासियों को भारत की तरक्की का जश्न मनाने के लिए प्रेरित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भरता ही हमें एक विकसित देश बनाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि अगर हम इसी तरह स्वदेशी पर जोर देते रहे, तो आजादी के 100 साल पूरे होने पर हम अपनी आने वाली युवा पीढ़ी को एक 'विकसित भारत' (Viksit Bharat) सौंप सकेंगे।
पीएम ने कहा कि हमारी नीयत साफ है और हमारी पॉलिसी एकदम सही दिशा में है। आज 140 करोड़ देशवासियों की एकजुटता देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। हमारी कड़ी मेहनत ही आज हमारे युवाओं के सपनों को सच करेगी।
मई में भी हुई थी 'सामूहिक भागीदारी' की अपील
आपको बता दें कि इससे पहले मई महीने में भी प्रधानमंत्री ने ग्लोबल अनिश्चितता, बढ़ती कीमतों और सप्लाई चेन में आ रही रुकावटों से निपटने के लिए लोगों से "सामूहिक भागीदारी" की अपील की थी। तब उन्होंने नागरिकों से कुछ खास कदम उठाने का आग्रह किया था:
- जहाँ तक संभव हो, 'वर्क फ्रॉम होम' (Work from home) को प्राथमिकता दें।
- पेट्रोल और डीजल की खपत कम करें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करें।
- इलेक्ट्रिक वाहन (EVs) अपनाने पर जोर दें।
- ज्यादा से ज्यादा 'मेड इन इंडिया' (Made in India) प्रोडक्ट खरीदें।
प्रधानमंत्री का यह स्पष्ट संदेश है कि हमारी छोटी-छोटी कोशिशें और स्वदेशी चीजों को अपनाना, देश की इकॉनमी को किसी भी ग्लोबल संकट से बचाने में एक बड़ा रोल निभा सकता है।

