Nidhi Tiwari Death Case: सोशल मीडिया पर अपने डांस वीडियो से लाखों लोगों को दीवाना बनाने वाली बनारस की मशहूर इंफ्लुएंसर निधि तिवारी ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। उनके फैंस इस खबर से गहरे सदमे में हैं। शनिवार रात को एक फोन कॉल पर हुई बहस के बाद उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। इस आर्टिकल में हम जानेंगे कि आखिर 16 लाख फॉलोअर्स वाली इस सोशल मीडिया स्टार की जिंदगी में ऐसा क्या हुआ, जिसने उन्हें मौत को गले लगाने पर मजबूर कर दिया।
कौन थीं Nidhi Tiwari?
30 साल की निधि तिवारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बनारस की रहने वाली थीं। हालांकि, उनका परिवार काफी समय पहले मध्य प्रदेश के सिंगरौली शिफ्ट हो गया था। वहां वह अपनी मां हेमलता तिवारी और एक छोटी बहन के साथ रह रही थीं। उनके पिता पिछले 15 सालों से परिवार से अलग रहते हैं।
निधि ने साल 2024 में 'Miss Pretty India' का खिताब भी अपने नाम किया था। वह अक्सर लोकल ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लेती रहती थीं। उनका सपना बॉलीवुड फिल्मों और म्यूजिक एल्बम में काम करने का था।
निधि एक बेहद पॉपुलर Social Media Influencer थीं। Facebook और Instagram को मिलाकर उनके करीब 16 लाख (1.6 Million) फॉलोअर्स थे। फैंस उनके डांस रील्स और वीडियोज का बेसब्री से इंतजार करते थे। अब उनकी अचानक हुई मौत से उनके लाखों चाहने वाले हैरान और परेशान हैं।
आखिरी रात क्या हुआ था?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार की रात निधि तिवारी पंजाब में रहने वाले सोनू सिंह नाम के एक शख्स से फोन पर बात कर रही थीं। सोनू वहां एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर है। बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। मां हेमलता के अनुसार, रात में फोन पर झगड़े के बाद जब उन्होंने निधि को खाना खाने के लिए बुलाया, तो उसने साफ मना कर दिया और नाराज होकर अपने कमरे में चली गई।
सोनू के फोन कॉल ने उड़ाये होश
बहस के कुछ ही देर बाद सोनू ने निधि की मां हेमलता को फोन किया। उसने घबराते हुए कहा, "आंटी, जल्दी से ऊपर वाले कमरे में जाइए, निधि फांसी लगाने वाली है।"
यह सुनते ही मां और छोटी बहन बदहवास होकर ऊपर दौड़ीं। निधि के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आनन-फानन में जब दरवाजा तोड़ा गया, तो सामने निधि सीलिंग फैन (पंखे) से लटकी मिलीं। परिवार वाले फौरन उसे लेकर अस्पताल भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर पहले भी टूट चुका है दुखों का पहाड़
निधि कुल चार बहनें थीं। उनमें से एक छोटी बहन की शादी बनारस में हो चुकी है। इस परिवार के लिए यह पहला बड़ा सदमा नहीं है। करीब पांच साल पहले निधि की एक बड़ी बहन ने भी कुएं में कूदकर सुसाइड कर लिया था। अब निधि की मौत ने इस परिवार को पूरी तरह से तोड़ कर रख दिया है।


