Bihar News: लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे, बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक ऐसा दावा किया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। इन दिनों रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में नजर आ रहे तेज प्रताप ने शो के एक नए प्रोमो में अपनी हत्या की साजिश रचे जाने की बात कही है। उन्होंने हरियाणा के एक 'जयचंद' और अपने पूर्व पीए पर गद्दारी करने, पार्टी फंड से 20 लाख रुपये लेकर भागने और जान से मारने की धमकी देने जैसे सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।
तेज प्रताप यादव आजकल राजनीति से ज्यादा मनोरंजन की दुनिया में अपना जलवा बिखेर रहे हैं। दर्शक उनके शो 'भोजपुरी बवाल' में उनके बेबाक अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं। लेकिन, शो के लेटेस्ट प्रोमो में उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताते हुए एक बड़ा खुलासा किया है।
उनका सीधा आरोप है कि हरियाणा के एक 'जयचंद' ने दिल्ली के एक बड़े नेता के साथ साठगांठ करके केंद्र से मिलने वाली उनकी सुरक्षा हटवा दी है। तेज प्रताप ने कहा, "मुझे लगातार धमकियां मिल रही हैं। काम के चलते मुझे अलग-अलग जगहों पर जाना पड़ता है। ऐसे में पता नहीं कब और कौन मेरी गाड़ी में डायनामाइट या बम लगा दे। ऐसा लगता है कि यह लोग मेरी हत्या करवाकर ही दम लेंगे।"
आरजेडी की कुर्सी पर 'जयचंद' की नजर
शो के दौरान तेज प्रताप ने बिना असली नाम लिए इस 'जयचंद' पर कई बड़े हमले किए। उन्होंने दावा किया कि यह वही व्यक्ति है जिसने पहले भी उनके परिवार को अलग करवाया था। उन्होंने बताया कि अब इस जयचंद की नजर सीधे आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर है और इसी वजह से वह उनके खिलाफ इतनी बड़ी साजिश रच रहा है।
पूर्व PA मोतीलाल पर 20 लाख रुपये गबन का आरोप
तेज प्रताप का गुस्सा सिर्फ जयचंद तक सीमित नहीं था। उन्होंने अपने पूर्व पर्सनल असिस्टेंट (PA) मोतीलाल पर भी गद्दारी का आरोप मढ़ा। उन्होंने बताया कि मोतीलाल उनके विरोधियों से हाथ मिला चुका है। तेज प्रताप के मुताबिक, मोतीलाल पार्टी के फंड से 20 लाख रुपये लेकर फरार हो गया है। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इस पूर्व पीए से भी अपनी जान का पूरा खतरा है।
परिवार से दूरी पर छलका दर्द
'भोजपुरी बवाल' के मंच पर तेज प्रताप का यह भावुक और आक्रामक रूप पहली बार नहीं दिखा है। इससे पहले भी वह अपनी पर्सनल लाइफ के कई राज इस शो में खोल चुके हैं। उन्होंने अपने पिता लालू यादव और भाई तेजस्वी यादव के साथ रिश्तों में आई कड़वाहट पर खुलकर बात की थी। उनका कहना था कि उनके अपनों ने ही उन्हें धोखे में रखा है।
तेज प्रताप के इस नए और गंभीर खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई है। उनके फैंस और समर्थक उनकी सुरक्षा को लेकर काफी परेशान हैं और उन्हें लगातार अपना ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं।

