Type Here to Get Search Results !

Jabalpur News: बरगी डैम क्रूज हादसे में 9 की मौत, पानी में जिस हाल में मिले मां-बेटे, देखकर रेस्क्यू टीम भी रो पड़ी

Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में 30 अप्रैल 2026 की शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। तेज आंधी-तूफान के बीच नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम (Bargi Dam) में टूरिस्टों से भरा एक क्रूज पलट गया। इस भयानक हादसे में अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है, 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और 6 लोग अभी भी लापता हैं। 

लेकिन इस पूरी त्रासदी के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक ऐसा मंजर सामने आया, जिसने हर किसी को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है।

मौत भी नहीं छुड़ा पाई मां की पकड़

हादसे के करीब 15 घंटे बाद पानी से एक 29 साल की मां और उसके 4 साल के मासूम बेटे की बॉडी निकाली गई। दोनों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। लेकिन जिस हालत में उनके शव मिले, उसे देखकर वहां मौजूद हर इंसान की आंखें नम हो गईं। 

पानी की तेज लहरों और मौत के खौफ के बीच भी उस मां ने अपने बेटे को सीने से इतने कसकर जकड़ रखा था कि मौत के बाद भी उसकी पकड़ ढीली नहीं हुई। बच्चा भी अपनी मां के सीने पर सिर रखे हमेशा के लिए सो गया। मौत की इस जंग में जिंदगी भले ही हार गई, लेकिन उस मां की ममता जीत गई।

रेस्क्यू टीम के भी कांप गए हाथ

सेना की रेस्क्यू टीम के एक सदस्य ने बताया कि डूबे हुए क्रूज के अंदर का मंजर बेहद खौफनाक था। विजिबिलिटी इतनी कम थी कि आधे फीट की दूरी पर भी कुछ नजर नहीं आ रहा था। गोताखोरों ने जब अंदर जाकर शव ढूंढने शुरू किए, तो उन्हें वो महिला दिखी। 

बचावकर्मी ने बताया, "जब हमने उस महिला की बॉडी को बाहर खींचने की कोशिश की, तो वो बाहर नहीं आ रही थी। जब हमने करीब से देखा, तो पाया कि वह अपने बच्चे को सीने से लगाए हुए थी। हम उन्हें खींच रहे थे, लेकिन उस मां की अपने बच्चे से पकड़ छूट ही नहीं रही थी।" यह देखकर रेस्क्यू करने वालों के पास भी शब्द कम पड़ गए।

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम को क्रूज पानी में था तभी अचानक तेज तूफान आ गया। ऊंची लहरों और तेज हवाओं की वजह से क्रूज (MP Tourism Cruise) अपना बैलेंस खो बैठा। चश्मदीदों का कहना है कि तूफान देखकर यात्रियों ने नाव को किनारे लगाने के लिए काफी शोर मचाया और गुहार लगाई, लेकिन आवाज चालक दल तक नहीं पहुंच सकी और क्रूज पलट गया।

लेटेस्ट जानकारी के अनुसार क्रूज पर कुल 43 लोग सवार थे। एमपी टूरिज्म के अधिकारी योगेंद्र रिछारिया ने बताया कि यह क्रूज करीब दो दशक पुराना था। इसे 2006 में बनाया गया था और इसमें 60 यात्रियों के बैठने की कपैसिटी थी। फिलहाल रेस्क्यू टीमें तेज लहरों के बीच भी बचे हुए 6 लापता लोगों की तलाश में पूरी ताकत के साथ जुटी हुई हैं।

Ads

#codes

Ads